झाबुआ: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर आज महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा स्थानीय एम-2 हॉटल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महिला दिवस के अवसर पर प्रभारी कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कलावती भूरिया ने महिलाओं को संबोधित करते हुवे कहा कि आदिवासी प्रधान झाबुआ जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनुकरणीय माहौल है, यहां जिला एडीसनल एस.पी. से लेकर जिले की विधायक सुश्री निर्मला भूरिया, जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कलावती भूरिया, सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर, उप संचालक जनसम्पर्क अनुराधा गहरवाल आदि ने अपने कर्तव्य के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
प्रदेश के मंत्रीमंडल में भी महिला मंत्रीगणो ने प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है। जिले में ग्राम पंचायतों में निर्वाचित हुई महिला सरपंचो को अपने पतियों पर आश्रित नहीं रहना पडे और सतत अपने क्षैत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके इसके लिये ऐसा वातावरण निर्मित किया जावे कि उन्हें अपने कर्तव्य एवं अधिकारों की जानकारी हो और वे सशक्त महिला की रूप में उभरकर सामने आये। वे ये समझ सके कि वे किसी भी स्तर पर पुरूषो से कम नहीं है और वह भी मुख्याधारा में आकर प्रदेश एवं अंचल के विकास में सहभागी हो सकती है। मध्यप्रदेश की सरकार के प्रयास से महिलाओं ने समाज के विकास में अपना सशक्त योगदान प्रदर्शित किया है। देश का संपूर्ण विकास महिलाओं के विकास के साथ ही संभव है। समाज के विकास के लिए पुरूष एवं महिला दोनो का समन्वित विकास जरूरी है।
कार्यक्रम को अन्य अतिथियों में श्री दौलत भावसार, एडीशनल एसपी श्रीमती रचना भदौरिया, भारती सोनी ने भी संबोधित करते हुए कहां कि नारी को ऊर्जा देने की जरूरत नहीं है वह आदिशक्ति स्वयं ऊर्जावान है एवं उन्होने जिले तथा प्रदेश में सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यो की जानकारी दी। आभार प्रदर्शन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री आर.एस जमरा ने किया। अतिथियों का स्वागत महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री बघेल ने किया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सशक्त महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला अधिकारी ब्लाक स्तरीय अधिकारी एवं सभी विभागों की महिला शासकीय सेवक एवं शौर्यादल की महिलाएं उपस्थित थी।
कार्यक्रम में श्रीमती रचना भदोरिया एएसपी, श्रीमती अनिता तोमर पुलिस विभाग, श्रीमती ममता चंगोड, जिला कोषालय अधिकारी, अनुराधा गहरवाल उप संचालक जनसम्पर्क, श्रीमती अन्नु भाबोर प्रौढ शिक्षा झाबुआ, डॉ. श्वेता जमरा सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, श्रीमती सविता सिघाडिया सरपंच नवापाडा, श्रीमती कालीबाई सरपंच सदावा, कु. मुनीता कानु मचार को स्वयं का बाल विवाह रूकवाने के लिए एवं सुश्री रूकमणी वर्मा इत्यादि को अपने क्षैत्र में सशक्त महिला के रूप में सम्मानित किया गया।