झाबुआ :महाशिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को शिवालयों में भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना व अभिषेक किया। नगर व आस-पास के सभी शिव मंदिरों में ओम नम: शिवाय के जाप होते रहे। तीर्थ स्थल देवझिरी में भी बड़ी संख्या में पहुंचकर दर्शन लाभ लिया। नगर के छोटा तालाब स्थित मनकामनेश्वर मंदिर में दिनभर महिला-पुरुषों ने पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए, इस मंदिर को नरोत्तमसिंह पंवार के मार्गदर्शन में आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।
पूजन कर शिवलिंग को चढ़ाए विल्ब पत्र
पुलिस लाइन स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर रामकृष्ण नगर, नेहरू मार्ग, राजगढ़ नाका, गोपाल कॉलोनी, आॅफिसर कॉलोनी, पुलिस लाइन क्षेत्र की महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए आई। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी शिव आराधनाओं का दौर चला। सोमेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शनार्थी दर्शन करने हेतु पहुंचे। कॉलेज रोड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में स्फटिक के शिवलिंग की पूजा-अर्चना भक्तों ने की। सर्वेश्वर महादेव मंदिर में गेल कॉलोनी के रहवासियों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा की। नेहरू मार्ग पर बडकेश्वर महादेव, विवेकानंद कालोनी स्थित उमापति महादेव मंदिर, सर्किट हाउस वाले शिव मंदिर व व्यायाम शाला के सामने स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना व अभिषेक किया।
अनास नदी तट स्थित पारदेश्वर महादेव मंदिर व दुधेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती दिखी। गोपाल कालोनी के महाकालेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों ने पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की।
देवझिरी में किया भगवान का रुद्राभिषेक
देवझिरी स्थित प्राचीन संकट मोचन महादेव मंदिर में सोमवार को संत रूपदास महाराज के नेतृत्व में भगवान का रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान पं. रमेश उपाध्याय, पं. भागवत शुक्ला, पं. जनार्दन शुक्ला, शैलेंद्र पंड्या, छोटू पंड्या, किशोर भट्टे, पं. सालेकर ने अभिषेक के यजमान सरपंच खुमान निनामा के साथ मिलकर यज्ञ संपन्न कराया। मानसिंह मेड़ा, हेमेंद्र प्रसाद अग्निहोत्री आदि मौजूद थे।
स्थानीय देवझिरी तीर्थ में उमड़ा भक्तो का सैलाब